राजमंड्री, आठ फरवरी (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा है कि पूर्वी गोदावरी जिले के राजमंड्री हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा और निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
नायडू ने कहा कि यात्रियों को अधिक आराम और सुविधा प्रदान करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस इस नए टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और 31 मार्च तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
नायडू ने शनिवार देर रात एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, “राजमंड्री हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल का काम लगभग पूरा होने वाला है और इसका उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा।”
केंद्रीय मंत्री ने टर्मिनल के कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण व परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी के अधिकारियों के साथ प्रगति की समीक्षा की।
विज्ञप्ति में बताया गया कि आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित यह टर्मिनल क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की क्षमता बढ़ाने और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे को गोदावरी क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया जा रहा है और इससे क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उन्नत टर्मिनल पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।
भाषा जितेंद्र
खारी
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
