scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमदेशअमित शाह ने जम्मू में विकास परियोजनाओं का आकलन करने के लिए बैठक की अध्यक्षता की

अमित शाह ने जम्मू में विकास परियोजनाओं का आकलन करने के लिए बैठक की अध्यक्षता की

Text Size:

जम्मू, सात फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू कश्मीर में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बुनियादी ढांचे के विकास तथा केंद्र शासित प्रदेश में प्रमुख योजनाओं के कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक वर्तमान में लोक भवन में जारी है, जिसमें जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात सहित अन्य लोग शामिल हैं।

शाह बृहस्पतिवार देर रात जम्मू पहुंचे और शुक्रवार को उन्होंने कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गुरनाम एवं बोबियान में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की अग्रिम चौकियों का दौरा करने के साथ क्षेत्र के अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की।

कठुआ से लौटने पर शाह ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें अन्य लोगों के अलावा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी शामिल थे और बैठक का मुख्य उद्देश्य जम्मू कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त करना था।

गृह मंत्री ने आतंकवाद से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान करने वाले कई पुलिसकर्मियों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें नौकरी के पत्र सौंपे।

भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शुक्रवार को गृह मंत्री से मुलाकात की।

शाह ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज जम्मू में भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के पदाधिकारियों और विधायकों, सांसदों के साथ बैठकें कीं। मोदी जी के विकास कार्यों की जमीनी पहुंच सुनिश्चित करने और संगठन को विस्तार देते हुए ‘विकसित जम्मू कश्मीर, सुरक्षित जम्मू कश्मीर’ के दृष्टिकोण को साकार बनाने के लिए भाजपा कार्य करती रहेगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद गृह मंत्री शनिवार दोपहर बाद दिल्ली लौटेंगे।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments