scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमखेलभारत टी20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार, लेकिन दबाव बन सकता है खतरा: पीटरसन

भारत टी20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार, लेकिन दबाव बन सकता है खतरा: पीटरसन

Text Size:

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन का मानना है कि भारत टी20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार है लेकिन यह तमगा अपने साथ दबाव भी लेकर आता है, खासकर ऐसे प्रारूप में जहां प्रतिष्ठा का कोई खास मतलब नहीं होता।

महान बल्लेबाज पीटरसन ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजी की गहराई उसे मजबूत टीम बनाती है। लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट बेहद निर्मम होता है, यहां तक कि मेज़बान टीमों के लिए भी।

पीटरसन ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘भारत निश्चित तौर पर प्रबल दावेदार है और हर कोई इसे मानेगा। लेकिन टी20 क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। ’’

टी20 प्रारूप में हालिया शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम को ट्रॉफी जीतने का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। एक स्थिर कोर, मजबूत बल्लेबाजी और अलग-अलग पिचों के अनुसार ढलने में सक्षम गेंदबाजी आक्रमण के साथ टीम घरेलू हालात में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार दिखती है।

हालांकि पीटरसन ने चेतावनी दी कि परिस्थितियों से परिचित होना जीत की गारंटी नहीं देता।

उन्होंने कहा, ‘‘टी20 क्रिकेट में किसी भी दिन विपक्षी टीम के दो सुपरस्टार खिलाड़ी आपको हरा सकते हैं। ’’

उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप का उदाहरण देते हुए बताया कि वैश्विक टूर्नामेंट में लय कितनी जल्दी बदल सकती है।

भारत ने उस टूर्नामेंट में दबदबा बनाया था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें हरा दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप दूसरी टीमों के महान खिलाड़ियों के खिलाफ खेलते हैं। यही अंतरराष्ट्रीय खेल है। ’’

टी20 विश्व कप से पहले भारत के अहम हथियारों में कुलदीप यादव शामिल हैं जो इस समय अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। इसके बावजूद पीटरसन ने इस बाएं हाथ के कलाई स्पिनर की खुलकर तारीफ की।

पीटरसन ने कहा, ‘‘कुलदीप एक स्टार हैं और वाकई बेहद शानदार इंसान हैं।

उनका किरदार जबरदस्त है, वह एक फाइटर हैं। वह जीतने के लिए बेताब रहते हैं और उनके पास हर तरह के हथियार हैं।’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments