scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशअर्थजगतइंडिगो की दिल्ली-शंघाई उड़ान शुरू करने की योजना

इंडिगो की दिल्ली-शंघाई उड़ान शुरू करने की योजना

Text Size:

बीजिंग, छह फरवरी (भाषा) निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी इंडिगो जल्द ही नयी दिल्ली और शंघाई के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने की योजना बना रही है। पिछले साल भारत और चीन के बीच करीब पांच साल के अंतराल के बाद विमान सेवाएं फिर से शुरू होने के बाद, इन दोनों शहरों के बीच उड़ान संचालित करने वाली यह तीसरी एयरलाइन बन जाएगी।

चीन के सरकारी समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो यह दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच तीसरा सीधा हवाई संपर्क होगा।

रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि एयरलाइन नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में इस मार्ग पर परिचालन शुरू करने की योजना बना रही है।

इससे पहले एक फरवरी को, एयर इंडिया ने शंघाई-दिल्ली सीधी उड़ान शुरू की थी, जिससे करीब छह साल के अंतराल के बाद दोनों शहरों के बीच उसकी विमान सेवाएं बहाल हुईं।

चीनी विमानन कंपनी ‘चाइना ईस्टर्न’ ने पिछले साल नवंबर में शंघाई से दिल्ली के लिए उड़ान संचालन फिर से शुरू किया था। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली-बीजिंग सीधी उड़ान शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।

इससे पहले इंडिगो ने 26 अक्टूबर, 2025 को कोलकाता-गुआंगझू सेवा बहाल की थी। इसके साथ ही वह पांच साल के लंबे अंतराल के बाद चीन के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने वाली पहली भारतीय एयरलाइन बनी थी।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments