scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमविदेशअमेरिका की मध्यस्थता में यूक्रेन और रूस ने अबू धाबी में दूसरे दिन की वार्ता

अमेरिका की मध्यस्थता में यूक्रेन और रूस ने अबू धाबी में दूसरे दिन की वार्ता

Text Size:

कीव, पांच फरवरी (भाषा) रूस और यूक्रेन के वार्ताकारों ने अमेरिका की मध्यस्थता में बृहस्पतिवार को अबू धाबी में करीब चाल साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए लगातार दूसरे दिन बातचीत की।

यह बातचीत रूस द्वारा यूक्रेन के बिजली ग्रिड को निशाना बनाने की घटनाओं में वृद्धि और लड़ाई में यूक्रेनी नागरिकों के हताहत होने की संख्या में हो रही बढ़ोतरी के बीच हो रही है।

बैठक में मौजूद यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने कहा, ‘‘हम कल की तरह ही समान प्रारूपों में काम कर रहे हैं जिनमें त्रिपक्षीय परामर्श, समूह कार्य और अधिक समन्वय शामिल है।’’

उमेरोव ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हो रही वार्ता में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हुए।

विटकॉफ और कुशनर पिछले महीने भी अबू धाबी में हुई वार्ता में शामिल हुए थे। ट्रंप प्रशासन दोनों देशों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहा है।

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के एक प्रवक्ता ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया कि संगठन के यूरोप में शीर्ष कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच भी वार्ता में मौजूद थे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सहयोगी देशों से रूस पर दबाव डालने का आग्रह किया ताकि वह अपने उस व्यापक हमले को समाप्त कर दे, जो लगभग चार साल पहले 24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ था। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश को युद्ध के बाद किसी भी रूसी हमले को रोकने के लिए सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता है।

एपी धीरज नरेश

नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments