scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलभारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला सही, हम बांग्लादेश के साथ : पाक प्रधानमंत्री शरीफ

भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला सही, हम बांग्लादेश के साथ : पाक प्रधानमंत्री शरीफ

Text Size:

कराची, पांच फरवरी (भाषा) भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार को सही फैसला बताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिये यह ‘सोच समझकर’ लिया गया फैसला है ।

पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने के लिये कहा है। इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया ।

शरीफ ने यहां सरकार की एक बैठक के बाद कहा ,‘‘ हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिये ।’’

उन्होंने कहा ,‘ हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं । मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है ।’’

जवाब में बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने जवाब में अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा ,‘‘ शुक्रिया पाकिस्तान ।’’

आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह ‘हाई प्रोफाइल’ मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं । प्रसारकों, प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं के लिये यह मैच कमाई का सबसे बड़ा जरिया है ।

पाकिस्तानी टीम बाकी लीग मैच खेलने कोलंबो पहुंच गई है । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड कह चुका है कि भारत का सामना अगर नॉकआउट चरण में होता है तो वह सरकार की सलाह पर अमल करेगा ।

पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा था कि बांग्लादेश को बाहर करने का फैसला सही नहीं है और सुरक्षा चिंताओं का निवारण किया जाना चाहिये था ।

आईसीसी ने भारत में विश्व कप मैचों के आयोजन स्थलों का सुरक्षा दौरा करके बांग्लादेश के लिये जोखिम को कम से मध्यम श्रेणी में रखा था ।

तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था । भारतीय बोर्ड ने कारण नहीं बताया लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच यह फैसला लिया गया ।

भाषा

मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments