scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशराहुल ने बिट्टू को ‘गद्दार’ कहा; भाजपा ने सिख समुदाय का अपमान बताया

राहुल ने बिट्टू को ‘गद्दार’ कहा; भाजपा ने सिख समुदाय का अपमान बताया

Text Size:

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘‘गद्दार’’ कहा, हालांकि उनकी इस टिप्पणी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिखों का अपमान करार दिया और कहा कि इससे यह समुदाय आहत है।

हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि बिट्टू सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते तथा उन्होंने पार्टी (कांग्रेस) से उस वक्त विश्वासघात किया, जब लोकतंत्र पर हमला हो रहा था तथा पार्टी को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।

यह घटना संसद के मकर द्वार के निकट उस वक्त हुई, जब संसद के बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे थे।

कांग्रेस के सांसद रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और यह टिप्पणी करते हुए सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं।

इस पर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘देखिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है…मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आओगे।’’

इस पर बिट्टू ने कहा कि ‘‘ये देश के दुश्मन हैं।’’

राहुल गांधी ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्टू से हाथ मिलाने का प्रयास किया, हालांकि भाजपा नेता ने हाथ नहीं मिलाया और सीधे संसद भवन के अंदर चले गए।

विवाद बढ़ने पर बिट्टू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक ‘‘बिगड़ैल बेटे’’ की तरह व्यवहार किया और वह समझते हैं कि उनकी राजशाही चलेगी।

उन्होंने दावा किया, ‘‘आप (कांग्रेस) देश के खिलाफ हैं और आपके हाथ सिखों के खून से रंगे हैं।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार और पगड़ी देखकर कांग्रेस नेता ने इस तरह का व्यवहार किया।

बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी को यह बात पसंद नहीं आई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सिख को आगे कैसे बढ़ा दिया।

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार सिर्फ इसलिए कहा कि उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी।

पुरी ने कहा, ‘‘गद्दार शब्द को हल्के में नहीं लिया जा सकता। यह शब्द उस व्यक्ति के लिए प्रयोग किया जाता है जिसने अपने देश के साथ विश्वासघात किया हो। सिख समुदाय के लिए यह एक अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है।’’

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राहुल गांधी की टिप्पणी को सिख समुदाय का अपमान बताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से गांधी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राहुल गांधी की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि बिट्टू ने कांग्रेस को धोखा दिया था।

चन्नी ने कहा, ‘‘जब वह (बिट्टू) कांग्रेस में थे तो राहुल गांधी ने उन्हें सब कुछ दिया था। जब चुनाव के दौरान उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, उन्होंने पार्टी छोड़ दी… यह सब जानते हैं कि उन्होंने पार्टी को धोखा दिया है… इसलिए मैं राहुल गांधी की बात का समर्थन करता हूं।’’

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि बिट्टू ने उस समय विश्वासघात किया जब लोकतंत्र पर हमला हो रहा था और कांग्रेस इसे बचाने की लड़ाई लड़ रही थी।

बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने के खिलाफ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय के पास मानसिंह रोड पर एकत्र हुए और ‘सिख सरदार है, राहुल गांधी गद्दार है’ के नारे लगाए तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी की मांग की।

भाषा

हक हक सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments