scorecardresearch
Wednesday, 8 April, 2026
होमदेशओडिशा: सामूहिक विवाह योजना के तहत 201 जोड़ों ने शादी की

ओडिशा: सामूहिक विवाह योजना के तहत 201 जोड़ों ने शादी की

Text Size:

ब्रह्मपुर, तीन फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को एक सामूहिक विवाह समारोह में कुल 201 जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह के लिए एक प्रमुख योजना ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ को आरंभ किया और इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम गंजाम जिले के पुरुषोत्तमपुर गांव में प्रसिद्ध मां तारातारिणी मंदिर के पास आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की शादी कराने में आने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘इस योजना के शुरू होने से कोई भी गरीब आदमी अपनी बेटी को बोझ नहीं समझेगा। सभी को अपनी बेटियों पर गर्व होना चाहिए क्योंकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं और हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।’

माझी ने बताया कि इस योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में 35,000 रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

माझी ने बताया कि इस योजना के तहत सामूहिक विवाह आयोजित करने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 59 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं और 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

इस योजना में विधवा पुनर्विवाह को भी प्रोत्साहित किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की युवतियों के विवाह कराने का उद्देश्य दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करना और समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।

इस योजना के तहत प्रत्येक दुल्हन को 51,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त होगी, जिसमें से 35,000 रुपये सीधे उसके बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से हस्तांतरित किए जाएंगे। 6,000 रुपये शादी से संबंधित खर्चों के लिए निर्धारित किए जाएंगे, जबकि 10,000 रुपये उपहार के रूप में दिए जाएंगे।

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments