scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्रीय बजट संभावित मंदी के संकेत देता है: केरल वित्त मंत्री

केंद्रीय बजट संभावित मंदी के संकेत देता है: केरल वित्त मंत्री

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, तीन फरवरी (भाषा) केरल के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट में चिंताजनक प्रवृत्ति दिख रही है, जिससे संकेत मिलता है कि अर्थव्यवस्था संभवतः मंदी की ओर बढ़ रही है।

केरल और केंद्रीय बजट की तुलना पर एक कार्यक्रम के दौरान पीटीआई की वीडियो सेवा से बालगोपाल ने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार की कुल राजस्व प्राप्तियों में केवल एक लाख रुपये करोड़ की मामूली वृद्धि हुई है, जो तीन प्रतिशत से कम की वृद्धि दर्शाती है।

बालगोपाल ने कहा, ‘केंद्र का बजट मंदी की ओर इशारा करता है। हालांकि, आर्थिक मंदी की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अर्थव्यवस्था के धीमे होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। यह अत्यंत चिंता का विषय है। पिछले वर्ष केंद्र सरकार की कुल राजस्व प्राप्तियां 38 लाख करोड़ रुपये थीं और इस वर्ष केवल एक लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, जो तीन प्रतिशत से कम की वृद्धि है।’

उन्होंने कहा कि राजस्व प्राप्तियों में वार्षिक वृद्धि आमतौर पर तीन प्रतिशत से अधिक होती है।

बालगोपाल ने कहा, ‘बजट में शामिल कुछ अनुमान पूरे नहीं हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में अगले वर्ष केंद्र सरकार को वही राजस्व प्राप्तियां मिलेंगी जो इस वर्ष मिली हैं। जब ऐसा होगा, तो वास्तविक अर्थ में राजस्व में गिरावट होगी।’

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments