scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशउप्र : रायबरेली में गड्ढे में डूबने से चार साल के बच्चे की मौत

उप्र : रायबरेली में गड्ढे में डूबने से चार साल के बच्चे की मौत

Text Size:

रायबरेली, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में घर के दरवाजे पर खेलते समय चार वर्ष का एक बच्चा गड्ढे में गिर गया, जिससे वह पानी में डूब गया और बाद में उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना जिले के ऊंचाहार के डिहवा मजरे कंदरावा गांव की है। आस-पास किसी के नहीं होने के कारण बच्चे के गड्ढे में गिरने की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। काफी देर तक जब बच्चा नहीं दिखा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। गड्ढे से बच्चे को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक ऊंचाहार के डिहवा मजरे कंदरावा गांव के रहने वाले उमेश कुमार राजस्थान के एक भट्ठे में काम करते हैं। गांव में उनकी पत्नी शीला अपने तीन बेटे आयुष, अर्पित और आर्यन के साथ रहती हैं। उमेश का चार वर्षीय बेटा आर्यन सोमवार को खेलते समय दरवाजे पर बने चार-पांच फुट गहरे गड्ढे में भरे पानी में गिरकर डूब गया। गड्ढा निजी इंडिया मार्का हैंडपंप लगाने के लिए बनाया गया था।

काफी देर तक जब बच्चा नहीं दिखा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बच्चे को गड्ढे से निकालकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ऊंचाहार पुलिस के कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि पानी की समस्या दूर करने के लिए उमेश हैंडपंप लगवाना चाहते थे। दरवाजे पर गड्ढा भी बन गया था, लेकिन किसी कारणवश हैंडपंप नहीं लगा। गड्ढे की भराई भी नहीं कराई गई। उसमें गंदा पानी भर गया था।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments