scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशअपार्टमेंट के सातवें तल से गिरकर किशोर की मौत: पब मालिक, कर्मचारियों पर मामला दर्ज

अपार्टमेंट के सातवें तल से गिरकर किशोर की मौत: पब मालिक, कर्मचारियों पर मामला दर्ज

Text Size:

बेंगलुरु , तीन फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में 15 वर्षीय लड़के की एक अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत के मामले में उसे (लड़के को) कथित रूप से शराब परोसने को लेकर एक पब के मालिक और कर्मचारियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना 31 जनवरी की रात को डॉ. विष्णुवर्धन रोड पर स्थित एक अपार्टमेंट में हुई।

पुलिस ने बताया कि लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने दावा किया कि 31 जनवरी को रात लगभग नौ बजकर 40 मिनट पर उसका 15 वर्षीय नाबालिग बेटा उस अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से गिर गया, जहां वह रह रहा था और उसकी मौत हो गई।

इस संबंध में राजराजेश्वरी नगर थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ जांच के दौरान पुलिस ने मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की और पाया कि 31 जनवरी को इस नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ उस पब में शराब पी थी और धूम्रपान किया था।’’

पुलिस ने कहा कि इसलिए, नाबालिग को शराब के सेवन की इजाजत देने को लेकर संबंधित कंपनी के मालिकों और कर्मचारियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और कर्नाटक उत्पाद शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा जांच की जा रही है।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments