वडोदरा, तीन फरवरी (भाषा) गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी में एक छोटी नौका मंगलवार को पलट गई। नौका में सवार सभी 10 यात्रियों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
महिसागर नदी वडोदरा के पादरा तालुका में मुजपुर गांव और दूसरी ओर खेड़ा जिले के गम्भीरा के बीच बहती है।
वडोदरा ग्रामीण के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) आकाश पटेल ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 10 यात्री मुजपुर की तरफ से एक छोटी नौका में सवार होकर गम्भीरा जा रहे थे।
पटेल ने कहा, ‘‘नदी तट की ओर अज्ञात कारणों से नौका के पलट जाने के बाद सभी 10 यात्रियों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की मौत हुई।’’
मुजपुर और गम्भीरा को जोड़ने वाले एक पुल का एक हिस्सा पिछले साल नौ जुलाई को ढह गया, जिसके बाद से कई वाहनों के नदी में गिर जाने के कारण 22 लोगों की मौत हो गई।
पदरा से कांग्रेस के पूर्व विधायक जसपालसिंह पडियार ने बताया कि घटना के बाद पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया, इसलिए यात्री लगभग 50 किलोमीटर की अतिरिक्त सड़क यात्रा से बचने के मकसद से मुजपुर और गम्भीरा के बीच यात्रा करने के लिए नौका पर निर्भर हैं।
नौका पलटने की घटना के बारे में पता चलने पर पदरा के मामलतदार (राजस्व अधिकारी) पदियार और अन्य स्थानीय नेताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
कांग्रेस नेता ने सरकार से अपील की कि कम से कम छोटे वाहनों के लिए पुल का निर्माण शुरू किया जाए ताकि रोजाना आने-जाने वाले लोगों को नदी पार करने के लिए नौका का इस्तेमाल न करना पड़े।
पिछले साल पुल गिरने के कुछ दिनों बाद गुजरात सरकार ने एक समानांतर दो-लेन पुल के निर्माण को मंजूरी दी और परियोजना से संबंधित कार्यों के लिए 212 करोड़ रुपये आवंटित किए।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
