scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशबलिया में नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

बलिया में नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

बलिया (उप्र), तीन फरवरी (भाषा) बलिया जिले की बैरिया थाना पुलिस ने 17 वर्षीय छात्रा को अगवा कर करीब छह माह तक उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा को उसकी मां ने 30 जुलाई 2025 की सुबह मोबाइल फोन से किसी शख्स से बात करने पर फटकार लगाई थी जिसके बाद वह परिजनों को बगैर जानकारी दिए कहीं चली गई। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने लड़की की मां की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की अपहरण से संबंधित धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज किया।

बैरिया थाने के प्रभारी विपिन सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए गुजरात के वलसाड से रविवार को नाबालिग लड़की को मुक्त करा लिया।

उनके मुताबिक, लड़की ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि बिहार के पटना जिले के राकेश कुमार वर्मा (42) से मोबाइल फ़ोन के जरिए उसका संपर्क हुआ और मां की फटकार के बाद राकेश ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया व शादी का झांसा देकर उसे अगवा कर लिया तथा उसे लेकर गुजरात के वलसाड गया, जहां राकेश ने उसके साथ लगातार बलात्कार किया।

सिंह ने बताया कि लड़की के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की बलात्कार से संबंधित धारा 65 (1) और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्‍सो अधिनियम) की धारा जोड़ी गई है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी वर्मा को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा सं आनन्द शोभना नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments