scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशबेंगलुरु में सुबह की सैर के समय महिला पर रॉटवीलर कुत्ते ने हमला किया

बेंगलुरु में सुबह की सैर के समय महिला पर रॉटवीलर कुत्ते ने हमला किया

Text Size:

बेंगलुरु, तीन फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में सुबह टहलने निकली 31 वर्षीय एक महिला पर रॉटवीलर नस्ल के कुत्ते ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने इसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस हमले में महिला के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायल महिला की लगभग आठ घंटे लंबी सर्जरी की गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 जनवरी को तब हुई जब एचएसआर लेआउट के टीचर्स कॉलोनी में रहने वाली शालिनी दुबे सुबह अपने घर के पास टहलने के लिए निकली थीं।

उसने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते को सड़क पर महिला की ओर दौड़ते हुए, उन्हें नीचे गिराते और उनके चेहरे व गर्दन पर बार-बार काटते हुए देखा गया।

महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक ने उसे बिना पट्टे के सड़क पर खुला छोड़ दिया था। कुत्ते के मुंह पर किसी प्रकार को कोई कवर भी नहीं लगा था।

शालिनी के पति सत्य प्रकाश दुबे ने बताया कि इस हमले में शालिनी को चेहरे, गले और सिर पर गहरी चोटें आईं और उन्हें 80 से अधिक टांके लगे हैं। उनकी सर्जरी आठ घंटे तक चली। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।

प्रकाश ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी को सुबह 6.50 बजे जब शालिनी टहल कर वापस आ रही थी, तब यह घटना हुई।

‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘अगर मालिक इतने बड़े कुत्ते को नियंत्रित नहीं कर सकता था तो उसे कभी भी खुला नहीं छोड़ा जाना चाहिए था। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना और कुत्ते को पट्टा व मुखौटा पहनाकर रखना मालिक की जिम्मेदारी है।’

उन्होंने बताया, ‘‘मेरी पत्नी गहरे सदमे में है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान उम्र भर रहेंगे।’

पुलिस के अनुसार, शिकायत के बाद कुत्ते के मालिक अमरेश रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

भाषा प्रचेता आशीष

आशीष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments