scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-अमेरिका व्यापार समझौते से सेंसेक्स 3,656.74 अंक उछला, निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से सेंसेक्स 3,656.74 अंक उछला, निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब

Text Size:

मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई। इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।

शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 3,656.74 अंक चढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 1,219.65 अंक की बढ़त के साथ 26,308.05 पर पहुंच गया।

बाद में दोनों सूचकांकों ने अपनी बढ़त को आगे बढ़ाया। सेंसेक्स 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक निफ्टी भी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत की छलांग लगाकर 26,341.20 पर था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 3.7 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में भारी तेजी देखी गई। दूसरी ओर आईटीसी बड़ी कंपनियों के समूह में एकमात्र पिछड़ने वाला शेयर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 65.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments