scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमविदेशअमेरिका-भारत समझौते को यूएसआईएसपीएफ ने बताया महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम

अमेरिका-भारत समझौते को यूएसआईएसपीएफ ने बताया महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम

Text Size:

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, दो फरवरी (भाषा) ‘यूएस–इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ (यूएसआईएसपीएफ) ने भारत-अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी को प्रगाढ़ बनाने और द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ने संबंधी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत के बाद यह घोषणा की।

उन्होंने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में बताया कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौता हुआ है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।

यूएसआईएसपीएफ ने कहा कि भारत पर लगाए गए जवाबी शुल्क में कटौती “पहला एक महत्वपूर्ण व सकारात्मक कदम” है।

फोरम ने यह भी कहा, “हालांकि समझौते का विस्तृत स्वरूप अभी तय होना बाकी है, लेकिन आज की घोषणा दोनों पक्षों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है, जिससे शुल्क, बाजार पहुंच, गैर-शुल्क बाधाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अन्य व्यापारिक मुद्दों का समाधान करने के लिए एक व्यापक अमेरिका–भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की दिशा में प्रगति होगी।”

फोरम ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने से दोनों देशों के व्यवसायों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, साथ ही आपूर्ति श्रृंखलाएं मजबूत होंगी और आर्थिक लचीलापन भी बढ़ेगा।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments