देहरादून, दो फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में दिनदहाड़े एक युवक ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से गला रेत कर एक युवती की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश कुमार उर्फ गोलू (27) ने खुड़बुड़ा चौकी जाकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे उस समय हुई, जब मच्छी बाजार की एक दुकान में काम करने वाली 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव एक गली में अपनी स्कूटी खड़ी करने के बाद दुकान की ओर आ रही थी।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान आरोपी ने लड़की पर चापड़ से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में गंभीर रूप से घायल हुई युवती को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मन्नूगंज क्षेत्र का रहने वाला आरोपी भी दूल्हा बाजार में ही एक दुकान में काम करता है।
पुलिस ने बताया कि युवती और युवक के बीच कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था लेकिन आरोपी के विवाहित होने की बात पता चलने के बाद लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जो उसे रास नहीं आया।
एक अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले गुंजन ने आरोपी युवक द्वारा उसे परेशान किए जाने के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और अपने घर से गायब हो गया।
इसी बीच, घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मच्छी बाजार, पल्टन बाजार और उसके आसपास के बाजार बंद कर दिए।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि युवती ने तीन-चार दिन पहले आरोपी युवक के संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गयी और यह घटना हो गयी।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
