scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमखेलभारत ने छह पदकों के साथ जॉर्डन में होने वाले टेंट पेगिंग विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई किया

भारत ने छह पदकों के साथ जॉर्डन में होने वाले टेंट पेगिंग विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई किया

Text Size:

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) भारत ने क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में कुल छह पदक के साथ जॉर्डन में नवंबर 2026 में होने वाली टेंट पेगिंग विश्व कप चैंपियनशिप के लिए सोमवार को क्वालीफाई कर लिया।

संदीप कुमार, धनराज सिरसाट, बोंगे गणेश बलिराम और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी वाली भारतीय घुड़सवारी टीम ने इस क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में चार टीम पदक और दो व्यक्तिगत पदक जीते। इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने कुल मिलाकर कांस्य पदक हासिल किया और जॉर्डन में होने वाले विश्व कप फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

सऊदी अरब, कुवैत, नॉर्वे और इंडोनेशिया जैसी पारंपरिक मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबला करते हुए भारतीय दल ने लांस, स्वॉर्ड और संयुक्त स्पर्धाओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया।

भारत ने 29 जनवरी को लांस टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपना पदक अभियान शुरू किया। इसी स्पर्धा में राष्ट्रीय राइफल्स के धनराज सिरसाट ने व्यक्तिगत कांस्य पदक अपने नाम किया।

भारत ने टीम स्वॉर्ड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत कर अगले दिन (30 जनवरी) को यादगार बनाया। सिरसाट ने स्वॉर्ड स्पर्धा में रजत पदक के साथ अपना दूसरा व्यक्तिगत पदक हासिल किया।

भारतीय टीम ने 31 जनवरी को लेमन एंड पेग्स, रिंग्स एंड पेग्स और रिले स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते।

टीम के कोच-सह-प्रबंधक तरसेम सिंह वराइच ने नतीजों पर संतोष जताते हुए कहा कि युवा घुड़सवारों की निरंतर मेहनत रंग लाई है। वराइत की नियुक्ति को लेकर हालांकि विवाद हुआ है क्योंकि उन पर बलात्कार के आरोप लगे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने हर दिन पदक जीता, हमारे खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे। यह एक टीम प्रयास है।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments