विशाखापत्तनम, दो फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किए गए आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के नौ भारतीय मछुआरे स्वदेश वापसी की मंजूरी मिलने के बाद राज्य लौट आए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को तड़के चार बजे एक नौका विशाखापत्तनम मतस्य बंदरगाह से नौ मछुआरों को लेकर समुद्र में गई थी, जिसके बाद बांग्लादेश की नौसेना ने मछुआरों को हिरासत में ले लिया था।
उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी 22 अक्टूबर को तब मिली जब घटना के समय आसपास में मौजूद मछली पकड़ने वाली एक अन्य नौका के चालक दल ने भारतीय अधिकारियों को सूचना दी।
विजयनगरम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ए.आर. दामोदर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “विजयनगरम जिले के ये नौ मछुआरे भारत लौटने के बाद रविवार देर रात विशाखापत्तनम पहुंच गए। ”
भाषा जोहेब राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
