scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमखेलउज्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव ने टाटा स्टील मास्टर्स का खिताब जीता

उज्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव ने टाटा स्टील मास्टर्स का खिताब जीता

Text Size:

विज्क आन जी (नीदरलैंड), दो फरवरी (भाषा) उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने खराब फॉर्म से जूझ रहे अर्जुन एरिगेसी को हराकर सोमवार को यहां टाटा स्टील मास्टर्स का खिताब जीत लिया जबकि विश्व चैंपियन डी गुकेश संयुक्त आठवें स्थान के साथ भारतीय खिलाड़ियों के बीच शीर्ष पर रहे।

गुकेश ने अंतिम दौर में जर्मनी के विन्सेंट केमर से ड्रॉ खेला और 6.5 अंक के साथ भारतीय खिलाड़ियों के बीच शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने हालांकि प्रतियोगिता के दौरान आधे अंक जुटाकर उम्मीद से खराब प्रदर्शन किया और 2750 रेटिंग अंक से नीचे खिसक गए।

आर प्रज्ञानानंदा ने भी नीदरलैंड के जोर्डन वैन फोरेस्ट के साथ ड्रॉ खेला और 5.5 अंक के साथ टूर्नामेंट खत्म किया। अगर कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से पहले इस प्रदर्शन को देखें तो भारतीय खिलाड़ी को सुधार करना होगा।

एरिगेसी को रेटिंग के मामले में सबसे अधिक नुकसान हुआ क्योंकि उन्होंने 29 अंक गंवा दिए और विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 से बाहर हो गए।

असल में गुकेश ही एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जो लाइव रेटिंग सूची में 10वें नंबर पर हैं और शतरंज के शौकीनों के लिए यह हैरानी की बात है कि 2750 रेटिंग से ऊपर कोई भारतीय नहीं है।

अब्दुसत्तोरोव ने 13 बाजी के मुकाबले में नौ अंक हासिल किए। उनके जूनियर हमवतन और विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव उनसे आधा अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहे।

फोरेस्ट, केमर और अमेरिका के हैंस नीमन 7.5 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे जो जर्मनी के मथाइस ब्लूबाउम और टूर्नामेंट के 14 साल के सनसनीखेज खिलाड़ी तुर्की के यागिज कान एर्दोगमुस से आधा अंक अधिक है।

गुकेश, नीदरलैंड के अनीश गिरी और स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेदोसेव ने प्रज्ञानानंद से एक अंक अधिक हासिल किया और संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रहे। एरिगेसी और अरविंद चिदंबरम ने 4.5 अंक जुटाए जबकि चेक गणराज्य के थाई दाई वैन गुयेन आखिरी पांच दौर के मुकाबले हारने के बाद सिर्फ तीन अंक के साथ सबसे आखिरी स्थान पर रहे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments