नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) दिल्ली में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष फरवरी की शुरुआत ज्यादा ठंडी रही और रविवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान पिछले वर्ष के 26.2 डिग्री सेल्सियस से कम है, जबकि मौसम के औसत से 2.3 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से लगभग 3.7 डिग्री अधिक है।
शहर की प्रमुख वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पालम में 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
लोधी रोड पर 11.8 डिग्री सेल्सियस, रिज पर 12.1 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शहर में अधिकतम तापमान 22.6 से 24.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
विभिन्न स्टेशनों में, सफदरजंग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद आयानगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस और रिज में 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस और पालम में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 82 प्रतिशत थी।
मौसम विभाग ने इस महीने न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान लगाया है, जिससे ठंडी रातों की संख्या कम होगी और दोपहर गर्म रहेंगी, क्योंकि सर्दियों की स्थिति सामान्य से पहले समाप्त हो रही है।
इस बीच, राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में आ गई है, जहां औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 265 दर्ज किया गया है, जो दिन के समय लगभग 315 होता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने पूर्वानुमान लगाया है कि एक से तीन फरवरी तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम कोहरे का अनुमान लगाया है, जिसमें अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
