कुप्पम (आंध्र प्रदेश), एक फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि उन्होंने वाईएसआरसीपी के शासनकाल में टीटीडी को आपूर्ति किए गए घी में पशु वसा मिली होने की बात एनडीडीबी की प्रयोगशाला की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद ही कही थी।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में घी में मिलावट होने की “पुष्टि” की गई थी।
नायडू ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को कथित तौर पर विवादों में घसीटने के लिए विपक्षी दल वाईएसआरसीपी पर निशाना साधा।
उन्होंने मौजूदा कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सिंघल के स्थानांतरण से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा, “तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी श्यामला राव ने एनडीडीबी से घी के नमूनों की रिपोर्ट मंगवाई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद, मैंने कहा कि इन नमूनों में पशु वसा है, यानी कि इसमें मिलावट हुई है। मेरे यह कहने के बाद, वाईएसआरसीपी ने मेरा मजाक उड़ाया।”
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रशासक के रूप में उन्होंने घी में मिलावट के मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी उनके चरित्रहनन में जुटी है और उनसे माफी की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा, “मुझे मंदिर की पवित्रता की रक्षा करनी है। मैं वेंकटेश्वर स्वामी का पक्का भक्त हूं। वह हमारे परिवार के देवता हैं।”
नायडू ने शुरुआत में इस मुद्दे पर यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि यह उचित समय नहीं है।
मुख्यमंत्री नायडू ने सितंबर 2024 में कहा था कि राज्य में पिछली सरकार के दौरान तिरुपति के लड्डू बनाने में पशु वसा का उपयोग किया गया था, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
साल 2024 में आंध्र प्रदेश में राजग के विधायकों की बैठक के दौरान, नायडू ने आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार ने श्री वेंकटेश्वर मंदिर को भी नहीं बख्शा और लड्डू बनाने के लिए निम्नस्तरीय सामग्री तथा पशु वसा का उपयोग किया।
इन आरोपों के बाद पूरे देश में विवाद खड़ा हो गया।
हाल ही में, एसआईटी ने नेल्लोर एसीबी अदालत में घी मिलावट मामले में अंतिम आरोप पत्र दायर किया है, जिसमें 36 लोग आरोपी बनाए गए हैं। इन आरोपियों में से नौ टीटीडी के अधिकारी, पांच डेरी विशेषज्ञ और अन्य लोग शामिल हैं।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
