मेदिनीनगर, एक फरवरी (भाषा) झारखंड के पलामू में जादू-टोना के शक में एक दंपति और उसके 18 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात को हुए हमले में उनकी नाबालिग बेटी भी घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि शवों को पांकी थाना क्षेत्र में रविवार को उनके घर से बरामद किया गया।
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार झा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह मामला जादू टोना के संदेह से संबंधित है।’’
झा ने बताया कि दोषियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है।
उन्होंने बताया कि लड़की को गंभीर चोटें आई हैं और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान विजय भुइयां (45), उनकी पत्नी कलिया देवी (40) और उनके बेटे छोटू भुइयां के रूप में की गई है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराई मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया गया है।
भाषा सुरभि माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
