scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशबंगाल के राज्यपाल ने राज्य के दो विश्वविद्यालयों के लिए नियुक्त किए नए कुलपति

बंगाल के राज्यपाल ने राज्य के दो विश्वविद्यालयों के लिए नियुक्त किए नए कुलपति

Text Size:

कोलकाता, 28 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बुधवार को दो विश्वविद्यालयों में पूर्णकालिक नए कुलपतियों की नियुक्ति की।

इससे एक दिन पहले उन्होंने तीन विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति की थी, जहां दो साल से अधिक समय से स्थायी प्रमुखों की नियुक्ति नहीं हुई थी।

लोक भवन के एक बयान में कहा गया है कि प्रोफेसर निमाई चंद्र साहा को हरिचंद गुरुचंद विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है, जबकि प्रोफेसर अयान भट्टाचार्य संस्कृत कॉलेज और विश्वविद्यालय का कार्यभार संभालेंगे।

राज्यपाल के साथ ही राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति की जिम्मेदारी संभालने हुए उन्होंने यह नियुक्तियां की।

इससे एक दिन पहले 27 जनवरी को अरुणासिस गोस्वामी को बाबा साहेब अंबेडकर शिक्षा विश्वविद्यालय का कुलपति, देबब्रत बसु को उत्तर बंग कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति और देबब्रत मित्रा को पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया।

इस महीने की शुरुआत में उच्चतम न्यायालय की एक पीठ को बताया गया कि पश्चिम बंगाल सरकार और राज्यपाल आठ राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति पर एकमत हो गए हैं, जिससे उच्च शिक्षा संस्थानों में नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध हल हो गया है।

जिन विश्वविद्यालयों के लिए सहमति बनी है, उनमें संस्कृत कॉलेज एवं विश्वविद्यालय, कूच बिहार पंचानन वर्मा विश्वविद्यालय, हरिचंद गुरुचंद विश्वविद्यालय, रायगंज विश्वविद्यालय, डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय, बाबासाहेब अंबेडकर शिक्षा विश्वविद्यालय, उत्तर बंगा कृषि विश्वविद्यालय और पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय शामिल हैं।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments