scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशसेवा वितरण सुधार और नवोन्मेष में गोवा अग्रणी: राज्यपाल राजू

सेवा वितरण सुधार और नवोन्मेष में गोवा अग्रणी: राज्यपाल राजू

Text Size:

पणजी, 26 जनवरी (भाषा) गोवा के राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू ने सोमवार को कहा कि सेवा वितरण सुधार और नवोन्मेष के मामले में गोवा राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है और इसकी अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत एवं सकारात्मक वृद्धि दिखा रही है।

राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया।

राजू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि तटीय राज्य में बड़े निवेश जुटाए गए हैं जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कारोबार सुगमता में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) का विस्तार किया गया है और उद्योग के लिए सुविधा एवं नियामकीय सुधार लागू किए गए हैं।’’

राजू ने कहा कि गोवा सेवा वितरण सुधार और नवोन्मेष में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी के रूप में उभरा है।

राज्यपाल ने कहा, ‘‘सड़क, पुल, जल आपूर्ति, मलजल प्रणाली, बिजली नेटवर्क, नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी पुनर्विकास सेवाओं और सार्वजनिक संस्थान जैसी बुनियादी संरचनाओं में अभूतपूर्व निवेश किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं जीवन की गुणवत्ता सुधार रही हैं, आर्थिक प्रतिस्पर्धा को मजबूत कर रही हैं और भावी पीढ़ियों की जरूरतों के लिए गोवा को तैयार कर रही हैं।

राज्यपाल ने पिछले वर्ष अगस्त में शुरू की गई ऐतिहासिक ‘म्हाजे घर’ योजना की भी सराहना करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य 1972 से पहले राज्य में बने घरों और विभिन्न श्रेणियों की भूमि पर स्थित अन्य पुराने आवासों से संबंधित समस्याओं को हल करना है।

राजू ने कहा कि राज्य सरकार की पहलें सुशासन का ऐसा करुणामय और व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती हैं, जिसकी बुनियाद सामाजिक न्याय और ग्रामीण समुदायों के सशक्तीकरण में निहित है।

उन्होंने कहा कि इस प्रगति के केंद्र में स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशनों, उद्यमिता पहलों, कौशल विकास कार्यक्रमों और लक्षित वित्तीय समावेशन उपायों के जरिए समावेशी विकास है।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य में महिलाएं ‘‘आर्थिक योगदान देने वालों’’ के रूप में तेजी से उभर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, औद्योगिक सहयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण और व्यावसायिक मार्गों के जरिए उद्यमिता एवं सामुदायिक नेतृत्व के लिए समकालीन कौशल विकसित किए जा रहे हैं।

राजू ने कहा, ‘‘ये प्रयास एक लचीले एवं कुशल भविष्य की नींव रख रहे हैं।’’

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments