जयपुर, 26 जनवरी (भाषा) राजस्थान में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार, बालोतरा जिले में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मिनी ट्रक ने पहले बोलेरो कैंपर वाहन को टक्कर मारी और फिर पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक डेरावर सिंह ने बताया कि यह हादसा रविवार रात सिवाना थाने के आसोतरा-मूठली गांव के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि जालोर जिले के बागोड़ा इलाके के सात तीर्थयात्रियों का समूह जसोल में रानी भटियानी माता मंदिर की पैदल यात्रा पर जा रहा था। हादसे में जालोर जिले के बागोड़ा के रहने वाले सिकाराम (35), जालाराम (34) और महेशाराम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मिनी ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में एक ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा रविवार को सदर थाना इलाके के भगवानसर गांव और सरदारगढ़ मोड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हुआ।
पुलिस ने बताया कि दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं, जिससे सवार सड़क किनारे गिर गए। सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन वह एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को कुचलते हुए निकल गया।
मृतकों की पहचान सिंधुवाला गांव के रहने वाले आदराम (50), उनके बेटे रामकुमार (32) और 4 केएसआर-श्योपुरा के इमीलाल (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों काम खत्म करके घर लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल के सवार को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
भाषा पृथ्वी
मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
