scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्रीय मंत्री का कपड़ा क्षेत्र पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला

केंद्रीय मंत्री का कपड़ा क्षेत्र पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में कपड़ा निर्यात बढ़ा है और इस क्षेत्र में पांच करोड़ रोजगार पैदा हुए हैं।

सिंह ने एक्स पर गांधी की एक पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को झूठ फैलाकर देश को गुमराह करना बंद करना चाहिए और राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। गांधी ने आरोप लगाया था कि अमेरिका के 50 प्रतिशत शुल्क ने भारत के कपड़ा क्षेत्र को पंगु बना दिया है।

भारत अंतरराष्ट्रीय परिधान मेला (आईआईजीएफ) के मौके पर संवाददाताओं से बात करते हुए सिंह ने कहा, ”हमने 11 साल में कपड़ा क्षेत्र में पांच करोड़ लोगों को रोजगार देने का काम किया है। यह शटडाउन (तालाबंदी) नहीं है…। राहुल गांधी देश के खिलाफ बोलना बंद करें। आपके दिमाग का शटडाउन हुआ है, इंडस्ट्री का शटडाउन नहीं हुआ है।”

यह दावा करते हुए कि अमेरिकी शुल्क कपड़ा निर्यातकों को बुरी तरह नुकसान पहुंचा रहे हैं, गांधी ने शुक्रवार को कहा कि यह अनिवार्य है कि भारत अमेरिका के साथ एक ऐसा व्यापार समझौता करे, जो भारतीय व्यवसायों और श्रमिकों को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपनी ‘खुद की कमजोरी’ का प्रभाव अर्थव्यवस्था पर और अधिक नहीं पड़ने देना चाहिए।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने हरियाणा में एक परिधान फैक्ट्री की अपनी हाल की यात्रा का एक वीडियो एक्स पर साझा किया, जहां उन्होंने कपड़ा सिलनेवालों के कौशल और लोगों के लचीलेपन को देखा।

सिंह ने गांधी के बारे में कहा, ”उन्हें माफी मांगनी चाहिए और गलत जानकारी नहीं फैलानी चाहिए।” मंत्री ने कहा कि यदि गांधी राष्ट्र से माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें अपना बयान वापस लेना चाहिए।

मंत्री ने दावा किया कि कपड़ा और परिधान उद्योग बंद नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल और दिसंबर 2024 के बीच कपड़ा निर्यात 95,000 करोड़ रुपये का था, जो अप्रैल-दिसंबर 2025 के दौरान और बढ़कर 1.02 लाख करोड़ रुपये हो गया। मंत्री ने सवाल किया, ”कौन सा शटडाउन हुआ है, कौन सा निर्यात गिरा है। आप देश में गलत जानकारी फैला रहे हैं।”

सिंह ने कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत ने कई व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने भारत और 27 देशों के ब्लॉक यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का भी उल्लेख किया।

भारत और यूरोपीय संघ 27 जनवरी को भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी होने की घोषणा कर सकते हैं।

कपड़ा मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ”2014 से पहले हमारे पास 10-11 देशों के साथ एफटीए थे। आज यह 17 देशों के साथ है और अगर हम जल्द होने वाले समझौतों को जोड़ते हैं तो यह 21 हो जाएगा। ब्रिटेन के साथ यह पूरा हो गया है, जिसकी औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं। आपने देखा होगा कि यूरोपीय संघ के प्रवक्ता ने क्या भाषा इस्तेमाल की है। 27 तारीख को इन 27 देशों के साथ भी एफटीए हो जाएगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में रोजगार भी बढ़ रहा है और कपड़ा उद्योग 2030 तक 350 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments