scorecardresearch
Wednesday, 28 January, 2026
होमविदेशगाजा के पुनर्निर्माण के लिए रूस अपनी जब्त संपत्तियों से एक अरब अमेरिकी डॉलर देने को तैयार: पुतिन

गाजा के पुनर्निर्माण के लिए रूस अपनी जब्त संपत्तियों से एक अरब अमेरिकी डॉलर देने को तैयार: पुतिन

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, 22 जनवरी (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल वाले शांति बोर्ड के तहत गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक अरब अमेरिकी डॉलर आवंटित करने को तैयार है।

यह रकम अमेरिका में जब्त की गई रूसी संपत्ति से दी जाएगी।

पुतिन ने रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन में, फलस्तीनी नेता महमूद अब्बास से मुलाकात की और यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में वास्तविक समाधान की एकमात्र कुंजी एक पूर्ण संप्रभु फलस्तीनी राष्ट्र है।

रूसी राष्ट्रपति ने अब्बास का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि एक संप्रभु फलस्तीनी राष्ट्र का निर्माण ही पश्चिम एशिया में संघर्ष के अंतिम समाधान का एकमात्र रास्ता है।’’

अब्बास बुधवार रात को उच्च स्तरीय वार्ता के लिए दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे।

पुतिन, जिन्हें शांति बोर्ड में शामिल होने का आमंत्रण मिला है, ने ट्रंप के शांति प्रयासों का स्वागत किया और कहा कि मॉस्को अमेरिका में रूस की जब्त की गई संपत्तियों में से एक अरब अमेरिकी डॉलर गाजा के पुनर्निर्माण के लिए आवंटित करने को तैयार है।

बैठक के दौरान अब्बास ने कहा कि वह रूस को फलस्तीनी लोगों का अच्छा मित्र मानते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘रूस पिछले 50 वर्षों से फलस्तीन का एक अच्छा मित्र रहा है। रूस ने हमेशा फलस्तीनी लोगों के समर्थन में एक मजबूत रुख अपनाया है।’’

उन्होंने उम्मीद जताई कि मॉस्को की मदद से संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुपालन पर आधारित शांति स्थापित करना संभव होगा।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments