नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे को गहरा दुख व्यक्त किया, जिसमें सेना के 10 जवानों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस हादसे से “बेहद आहत” हैं और इसमें मारे गए जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
गृह मंत्री ने लिखा, “जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस हादसे में हमने अपने जिन वीर जवानों को खोया है, उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा, “घायल जवानों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। ईश्वर से कामना है कि ये सभी जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।”
डोडा जिले में बृहस्पतिवार को सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे 10 जवानों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर लगभग 9,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना के बुलेटप्रूफ वाहन ‘कैस्पर’ में सवार जवान एक चौकी की ओर जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, ऊंचाई पर स्थित चौकी की ओर जाते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
भाषा पारुल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
