कोलकाता, 22 जनवरी (भाषा)निर्वाचन आयोग ने पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल के फरक्का प्रखंड विकास कार्यालय (बीडीओ) में हुई तोड़फोड़ के संबंध में राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक मोनिरुल इस्लाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश बृहस्पतिवार को दिया। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आयोग ने जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक प्राथमिकी दर्ज कराएं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक मोनिरुल इस्लाम ने अपने समर्थकों के साथ कथित तौर पर फरक्का बीडीओ कार्यालय के बाहर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान ‘जनता के उत्पीड़न’ के विरोध में प्रदर्शन किया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की।
निर्वाचन आयोग ने घटना का संज्ञान लिया और पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार से बात की और प्राथमिकी दर्ज करने को कहा। पुलिस ने निर्देश का पालन किया, लेकिन प्राथमिकी में विधायक को बतौर आरोपी नामजद नहीं किया।
आयोग ने अब निर्देश दिया है कि इस्लाम को नामजद करते हुए नयी प्राथमिकी दर्ज की जाए।
अधिकारी ने कहा कि यह अशांति बूथ स्तरीय अधिकारियों के एक वर्ग के विरोध प्रदर्शनों के कारण भड़की, जिन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नागरिकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विधायक के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों द्वारा बीडीओ कार्यालय तक मार्च करने और इस प्रक्रिया के खिलाफ नारे लगाने के बाद स्थिति और बिगड़ गई।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
