डोडा: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को डोडा जिले में हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवानों की मौत पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है.
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे 10 जवानों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर लगभग 9,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना के बुलेटप्रूफ वाहन के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और यह 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा.
उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा गया कि इस हादसे में घायल हुए 10 अन्य जवानों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है. उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित किया जाए.
Deeply saddened at the loss of lives of 10 of our brave Indian Army soldiers in an unfortunate road accident in Doda. We will always remember the outstanding service and supreme sacrifice of our brave soldiers. My deepest condolences to the grieving families.
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) January 22, 2026
पोस्ट में कहा गया, “डोडा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हमारे 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों के निधन से गहरा दुख हुआ है. हम उनके उत्कृष्ट सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे. शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.”
एक अन्य पोस्ट में कहा गया, “इस गहरे दुख की घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है. हादसे में घायल 10 जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
अधिकारियों के मुताबिक, वाहन में सवार जवान ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहे थे.
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद सेना और पुलिस ने तत्काल संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया, हालांकि तब तक चार सैनिकों की जान जा चुकी थी और 11 अन्य घायल अवस्था में पाये गए. वहीं, सेना का वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान बाद में, चोटों के चलते छह और सैनिकों की मौत हो गई.
अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों में से एक को भद्रवाह उप-जिला अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है, जबकि 10 अन्य को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर कमान अस्पताल ले जाया गया.
भद्रवाह के अतिरिक्त उपायुक्त सुमित कुमार भुटयाल ने बताया, ‘‘सेना का एक वाहन हादसे का शिकार हो गया, जिससे हमने 10 जवान खो दिए और 11 अन्य घायल हो गए.’’
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताया.
उमर ने हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने बचाव अभियान की भी सराहना की.
