scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमदेशशिंदे के गढ़ ठाणे में स्थानीय भाजपा नेता ने स्थानीय निकाय में सम्मानजनक हिस्सेदारी की मांग की

शिंदे के गढ़ ठाणे में स्थानीय भाजपा नेता ने स्थानीय निकाय में सम्मानजनक हिस्सेदारी की मांग की

Text Size:

ठाणे, 21 जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे में भाजपा और शिवसेना के बीच चल रही राजनीतिक रस्साकशी के बीच भाजपा के एक नेता ने नगर निगम चुनावों में पार्टी की 100 प्रतिशत सफलता के आधार पर सत्ता में पर्याप्त हिस्सेदारी की मांग की है।

शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने ठाणे नगर निगम में 75 वार्डों में जीत दर्ज की। गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी ने 28 सीटें हासिल कीं, जिससे गठबंधन ने 131 सदस्यीय नगर निकाय पर नियंत्रण के लिए आवश्यक 66 के बहुमत आंकड़े को आसानी से पार कर लिया।

मुंबई में निगम चुनाव में सीटों के मामले में गठबंधन सहयोगी भाजपा से काफी पीछे रहने के बावजूद शिवसेना महापौर पद पर नजर लगाये हुए है। इस बीच भाजपा ने ठाणे में स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर बधाई के पोस्टर लगाए हैं।

भाजपा के ठाणे प्रभारी और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निरंजन दावखारे ने कहा कि ये बैनर चुनाव में जीत हासिल करने में पार्टी कार्यकर्ताओं के ‘अथक प्रयासों’ के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए लगाये गये हैं।

दावखारे ने कहा कि तकनीकी कारणों से एक सीट गंवाने को छोड़कर, भाजपा ने ठाणे की जिन 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और उन सभी सीटों पर उसकी जीत का प्रतिशत 100 बना रहा।

उन्होंने कहा कि हाल में 29 नगर निगमों के चुनावों में भाजपा की शानदार सफलता से ठाणे में भाजपा की मजबूत भूमिका की आवश्यकता उत्पन्न हुई है।

उन्होंने इस अटकल के बारे में प्रश्न किए जाने पर कोई सीधा जवाब देने से परहेज किया कि भाजपा ठाणे में कम से कम दो साल के लिए महापौर पद की मांग कर रही है।

दावखारे ने कहा, ‘वरिष्ठ नेताओं देवेंद्र फडणवीस और रवींद्र चव्हाण (महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष) द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह हमें और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वीकार्य होगा।’

भाषा तान्या माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments