scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशप्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा पर पारिवारिक संबंधों को बर्बाद करने का लगाया आरोप,तलाक लेने की बात कही

प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा पर पारिवारिक संबंधों को बर्बाद करने का लगाया आरोप,तलाक लेने की बात कही

Text Size:

लखनऊ, 19 जनवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव ने सोमवार को अपनी पत्नी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता अपर्णा बिष्ट यादव पर पारिवारिक संबंधों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह जल्द ही उनसे तलाक लेंगे।

प्रतीक यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, ‘‘मैं इस स्वार्थी महिला से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक संबंधों को बर्बाद कर दिया है। वह सिर्फ नाम और दबदबा बनाना चाहती है। इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है और उसे कोई परवाह नहीं है। उसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी ऐसी बुरी आत्मा नहीं देखी और मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने उससे शादी की।’’

प्रतीक ने इसी हैंडल से एक और पोस्ट में लिखा, ‘‘मैंने अपनी मां से रिश्ता तोड़ लिया, अपने पिता से रिश्ता तोड़ लिया, अपने भाई से रिश्ता तोड़ लिया। वह सिर्फ मशहूर होना चाहती है। अपनी जिंदगी में मैंने उससे बड़ी झूठी नहीं देखी (मैं अपने बच्चे की कसम खाता हूं)। मैंने अपनी ज़िंदगी में इतनी स्वार्थी इंसान कभी नहीं देखी।’’

इस पोस्ट में अपर्णा बिष्ट यादव की एक तस्वीर भी है।

इस बारे में अपर्णा यादव से उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गयी लेकिन वह पूरे दिन उपलब्ध नहीं रहीं। उनके करीबी लोगों ने भी इन आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उनके परिवार के सदस्यों ने भी इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।

प्रतीक, पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे हैं। उनके सौतेले भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं।

भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। अपर्णा 2022 में भाजपा में शामिल हो गयी थीं।

भाषा आनन्द सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments