scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशअंबाला डीसी कार्यालय और कुरुक्षेत्र मिनी सचिवालय को मिली बम की धमकी

अंबाला डीसी कार्यालय और कुरुक्षेत्र मिनी सचिवालय को मिली बम की धमकी

Text Size:

अंबाला/कुरुक्षेत्र, 16 जनवरी (भाषा) अंबाला के उपायुक्त कार्यालय (डीसी) और कुरुक्षेत्र जिले के मिनी सचिवालय को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद अधिकारियों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के बाद अधिकारियों ने बताया कि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और यह झूठी धमकी थी।

ईमेल में अंबाला स्थित डीसी कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से रिकॉर्ड रूम सहित पूरे कार्यालय की व्यापक तलाशी ली और वाहनों की भी जांच की।

डीसी अजय सिंह तोमर ने बताया कि ईमेल सुबह मिला, जिसमें डीसी कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। उन्होंने कार्यालय जाकर बम निरोधक दस्ते को बुलाया और विस्तृत तलाशी करवाई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

कोतवाली पुलिस थाने के प्रभारी सुरेश कुमार ने पुष्टि की कि बम निरोधक दल ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया और कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

कुरुक्षेत्र में जिला मिनी सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गयी।

सिटी थाने के प्रभारी सतीश वत्स घटनास्थल पर पहुंचे और मिनी सचिवालय और एसपी कार्यालय की गहन तलाशी ली गयी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments