scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशकांग्रेस मनरेगा को बंद किए जाने की अफवाह फैला रही है: भाजपा नेता अरुण सिंह

कांग्रेस मनरेगा को बंद किए जाने की अफवाह फैला रही है: भाजपा नेता अरुण सिंह

Text Size:

जयपुर, 16 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विनाशकारी और नकारात्मक राजनीति में लिप्त है, जिसे जनता ने खारिज कर दिया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को लेकर अफवाह फैला रही है।

सिंह ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनावों में भाजपा एवं पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी बहुमत मिला है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास केंद्रित राजनीति पर जनता ने अपने विश्वास और भरोसे की मोहर लगाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मनरेगा को लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि सच यह है कि उसकी कमियों को दूर कर एक नया कानून बनाया गया है।

उन्होंने कटाक्ष किया कि मनरेगा में कांग्रेस गड्ढे भरती थी, पेपर में उसके काले कारनामे छपते थे, भरे हुए गड्ढों की नाप—जोख किया जाए तो एक विधानसभा के क्षेत्रफल से ज्यादा गड्ढे भरने का काम हो जाएगा।

सिंह ने कहा, ”नए कानून के तहत, ग्रामीण मज़दूरों को 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा, 15 दिन के भीतर काम उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।”

उन्होंने कहा, ”इस कानून से ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा और समग्र ग्रामीण विकास होगा।”

उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा के तहत सामाजिक अंकेक्षण या तो ठीक से नहीं किए जाते थे या कार्रवाई नहीं होती थी।

सिंह ने कहा कि ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी जी रामजी)’ के तहत भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार लगातार जनहितकारी कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाएं अब निष्पक्ष रूप से आयोजित हो रही हैं और परिणाम समय पर घोषित किए जा रहे हैं।

भाषा बाकोलिया

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments