scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशदिल्ली एरोसिटी मेट्रो स्टेशन बनेगा प्रमुख इंटरचेंज केंद्र, एनसीआरटीसी और गोल्डन लाइन से जुड़ेगा

दिल्ली एरोसिटी मेट्रो स्टेशन बनेगा प्रमुख इंटरचेंज केंद्र, एनसीआरटीसी और गोल्डन लाइन से जुड़ेगा

Text Size:

(श्रुति भारद्वाज)

नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर स्थित दिल्ली एरोसिटी मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का प्रमुख इंटरचेंज केंद्र बनकर उभरने जा रहा है, जिसमें एनसीआरटीसी के प्रस्तावित अलवर कॉरिडोर से इंटरचेंज की सुविधा प्रदान की जाएगी। अधिकारियों से यह जानकारी मिली।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एरोसिटी मेट्रो स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है ताकि दिल्ली मेट्रो परियोजना के चरण चार के हिस्से के रूप में निर्माणाधीन तुगलकाबाद-एरोसिटी गोल्डन लाइन कॉरिडोर से अतिरिक्त संपर्कता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि हाल ही में इस कॉरिडोर को एरोसिटी से लेकर टर्मिनल एक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) स्टेशन तक 2.263 किलोमीटर की दूरी तक बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है।

डीएमआरसी ने कहा कि भविष्य में इस स्टेशन को तिहरे इंटरचेंज में परिवर्तित करने की सुविधा भी होगी, क्योंकि नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) के प्रस्तावित अलवर कॉरिडोर के लिए दिल्ली एरोसिटी में इंटरचेंज सुविधाएं होंगी।

एजेंसी के अनुसार, नए दिल्ली एरोसिटी मेट्रो स्टेशन में एक तरफ प्लेटफॉर्म-टू-प्लेटफॉर्म संपर्कता और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गोल्डन लाइन के बीच कॉनकॉर्ड-टू-कॉनकॉर्ड पेड एरिया कनेक्टिविटी होगी। प्लेटफॉर्म जमीन से लगभग 22 मीटर की गहराई पर बनाया जाएगा।

निगम के अनुसार, गोल्डन लाइन के लिए नया स्टेशन इंटरचेंज आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सामान्य इंटरचेंज स्टेशन की लंबाई 260 मीटर की तुलना में बड़ा होगा और इसकी लंबाई लगभग 290 मीटर होगी।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments