scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशमप्र : प्रतिबंधित चीनी मांझे से चार राहगीर घायल, 25 लोग गिरफ्तार

मप्र : प्रतिबंधित चीनी मांझे से चार राहगीर घायल, 25 लोग गिरफ्तार

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 15 जनवरी (भाषा) इंदौर में मकर संक्रांति के पर्व पर चीनी मांझे के कारण चार राहगीर घायल हो गए और पुलिस ने पतंग उड़ाने में इस घातक डोर के इस्तेमाल व इसकी खरीद-फरोख्त के आरोप में 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने संवाददाताओं को बताया कि मकर संक्रांति पर बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में चीनी मांझे के कारण चार राहगीर घायल हो गए जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि इलाज के बाद चारों मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

दंडोतिया ने बताया,‘‘शहर में चीनी मांझे के इस्तेमाल और इसकी खरीद-फरोख्त को लेकर 16 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 12 लोग वे हैं जो इस घातक डोर से पतंग उड़ा रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि शहर में चीनी मांझे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में पिछले डेढ़ महीने के भीतर कथित तौर पर चीनी मांझे से गला कटने के कारण अलग-अलग घटनाओं में 16 वर्षीय लड़के और 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

नायलॉन से बना यह मांझा इतना तीखा होता है कि इससे जानलेवा घाव हो सकता है। जन मानस में ‘चीनी मांझे’ के नाम से मशहूर इस धागे पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद पतंगबाजी के शौकीन इसे अपने प्रतिद्वंद्वियों की पतंग काटने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

भाषा हर्ष

मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments