scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र में भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही: कांग्रेस

महाराष्ट्र में भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही: कांग्रेस

Text Size:

मुंबई, 14 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जोड़-तोड़ की राजनीति कर रहे हैं जिससे राज्य का राजनीतिक माहौल खराब हो गया है।

भाजपा ने सपकाल के आरोपों को खारिज कर दिया और उन्हें प्रदेश कांग्रेस इकाई में गुटबाजी से निपटने की सलाह दी।

कांग्रेस नेता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा और फडणवीस ने महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल खराब कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर जोड़ तोड़ की राजनीति का भी आरोप लगाया।

सपकाल ने कहा, ‘‘भाजपा ने महाराष्ट्र में जहरीला पौधा लगाया है। सतर्क नागरिकों को इसे पहचानना चाहिए और आगामी महानगरपालिका चुनावों में इसे जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिए। यह जोड़ तोड़ की राजनीति महाराष्ट्र को एक और बिहार बना देगी।’’

कांग्रेस नेता ने महानगरपालिका चुनावों से पहले विपक्षी उम्मीदवारों के खिलाफ हुई हिंसा का भी उल्लेख किया और अपने दावे के समर्थन में कुछ घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सोलापुर में एक उम्मीदवार की हत्या हुई, जबकि अकोट और खलापुर में भी हत्याएं हुईं।

सपकाल ने कहा, ‘‘राज्य भर में कई उम्मीदवारों को धमकियां मिली हैं और उनके परिवारों को डराया-धमकाया गया। सभी उम्मीदवार विपक्षी पार्टियों से हैं, जो गुंडों और सत्ता में बैठे लोगों के भ्रष्ट गठजोड़ को चुनौती दे रहे हैं।’

हाल में संपन्न हुए नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस के ‘प्रभावशाली’ प्रदर्शन का हवाला देते हुए, उन्होंने मतदाताओं से प्रलोभनों के जाल में फंसे बिना संवैधानिक लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील की।

सपकाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजीत चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस नेता को उनकी पार्टी में सम्मान नहीं मिलता।

उन्होंने कहा, ‘‘सपकाल को पहले अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस इकाई के कई गुट उनका सम्मान तक नहीं करते और न ही उनकी बात सुनते हैं। वह आलाकमान द्वारा नियुक्त व्यक्ति हैं, जबकि फडणवीस जनता के नेता हैं।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments