महाराजगंज (उप्र), 12 जनवरी (भाषा) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस की एक संयुक्त टीम ने सोमवार को महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास नौ करोड़ रुपये मूल्य की 18 किलोग्राम चरस जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपी की पहचान हेमंत सिंह के रूप में हुई है जो गाजीपुर जिले का निवासी है।
उन्होंने बताया कि सिंह नौतनवा क्षेत्र से एक कार में नेपाल से भारत प्रवेश कर रहा था, तभी नियमित जांच के दौरान उसे रोककर पूछताछ की गई।
उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से 38 पैकेट में 18 किलोग्राम चरस बरामद की।
सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपी से तस्करी में शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि सिंह के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं राजेंद्र सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
