भोपाल, 12 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में हुई दूषित जल त्रासदी के मद्देनजर सोमवार को ‘वॉटर ऑडिट’ अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान के तहत कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पटवारी ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाणगंगा इलाके के वार्ड क्रमांक 25 का निरीक्षण किया।
इस दौरान कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी भी मौजूद रहीं।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि निरीक्षण में पाया गया कि पेयजल पाइपलाइनें सीवर लाइनों के समानांतर बिछाई गई हैं और नलों से कीड़े युक्त दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके बाद पटवारी ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 75, 76, 77, 78 और 79 का भी निरीक्षण किया।
बयान में कहा गया कि नवाब कॉलोनी सहित कई इलाकों में लोगों को दूषित पानी मिल रहा है, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
पटवारी ने कहा, “नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन भोपाल नगर निगम और भाजपा नीत मध्यप्रदेश सरकार इस गंभीर जन स्वास्थ्य मुद्दे के प्रति उदासीन है। जब तक लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित नहीं किया जाता, कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा।”
इस दौरान ग्रामीण भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मन सिंह पटेल, पार्टी नेता रविंद्र साहू, नरेश ज्ञानचंदानी, राजकुमार सिंह, अभिषेक शर्मा, अशोक मारन सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इंदौर के भगीरथपुरा इलाके में दूषित जल के सेवन से फैले दस्त के प्रकोप में अब तक सात लोगों की मौत हुई है, जबकि स्थानीय निवासियों का दावा है कि मृतकों की संख्या 17 है। कांग्रेस ने मृतकों की संख्या 21 बताई है।
भाषा दिमो सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
