बेंगलुरु, 12 जनवरी (भाषा) एसएसएलसी (कक्षा 10वीं) की तैयारी परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में छह शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, छात्रों द्वारा सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र उपलब्ध होने के खुले विज्ञापन दिए गए थे और इच्छुक लोगों को निजी संदेश के जरिए संपर्क करने को कहा गया था।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद संपर्क करने वाले लोगों को पैसे के बदले प्रश्न पत्र साझा किए गए। कथित तौर पर प्रत्येक पेपर के लिए 200 से 500 रुपये या उससे अधिक की रकम ली गई।
उसने बताया कि गिरफ्तार किए गए शिक्षक कलबुर्गी, तुमकुरु और रामनगर के रहने वाले हैं, जिनमें से एक प्रधानाध्यापक है।
पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु उत्तर मंडल की साइबर अपराध पुलिस इस मामले में संदिग्धों की भूमिका और इसके पीछे के संभावित नेटवर्क के बारे में जांच कर रही है।
उसने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए छह जनवरी को प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद परीक्षा अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया।
अधिकारियों के अनुसार, कर्नाटक माध्यमिक शिक्षा परीक्षा बोर्ड स्कूलों की ‘लॉगिन आईडी’ पर प्रश्न पत्र भेजता है, जिसकी पहुंच केवल प्रधानाध्यापक और वरिष्ठ शिक्षकों तक होती है।
उन्होंने कहा, ‘संदेह है कि उन्होंने पेपर डाउनलोड करने और उसे लीक करने के लिए इस पहुंच का दुरुपयोग किया होगा। मामले की जांच जारी है।’
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
