scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशशालीमार बाग महिला हत्याकांड : पुलिस ने बेटी से धमकी भरे कॉल करने वालों के नंबर मांगे

शालीमार बाग महिला हत्याकांड : पुलिस ने बेटी से धमकी भरे कॉल करने वालों के नंबर मांगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग में 44 वर्षीय महिला की हत्या के दो दिन बाद, पुलिस ने सोमवार को कहा कि परिवार को कथित तौर पर पहले भी धमकियां मिलने की जानकारी मिली है और उसने मृतक की बेटी से फोन नंबरों का विवरण मांगा है।

शालीमार बाग निवासी और अपने इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) अध्यक्ष रचना यादव की 10 जनवरी को घर से बाहर निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इस हत्या का संबंध यादव के पति विजेंद्र यादव की हत्या से बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर पुरानी दुश्मनी के कारण हुई थी।

उस मामले में भरत यादव और पांच अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन पर मुकदमा चल रहा है, जबकि मुख्य आरोपी भरत यादव अब भी फरार है और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि रचना यादव अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं और अभियोजन पक्ष के लिए उनकी गवाही बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि हत्या का मकसद गवाहों को डराना और मामले को कमजोर करना हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की बेटी से विस्तार से पूछताछ की गई और उससे फोन नंबर, कॉल लॉग और परिवार को अतीत में मिली धमकियों से संबंधित कोई भी संदेश साझा करने के लिए कहा गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को कहा, ‘हम जानकारी का विश्लेषण कर रहे हैं और अपने डेटाबेस से मिलान कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वे ज्ञात अपराधियों या पहले के हत्या मामले में आरोपी के सहयोगियों से जुड़े हैं।’

इस बीच, जांचकर्ताओं ने रोहिणी में हेलीपैड रोड के पास से हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। बाइक लावारिस हालत में मिली थी और उसकी पहचान पिछले साल सितंबर में नेताजी सुभाष प्लेस इलाके से चोरी की गई गाड़ी के रूप में हुई।

पुलिस को संदेह है कि हमलावर पड़ोसी राज्य हरियाणा भाग गए होंगे।

पुलिस ने बताया कि हत्या की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments