scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशमुंबई के बारे में अन्नामलाई की टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया: भाजपा विधायक

मुंबई के बारे में अन्नामलाई की टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया: भाजपा विधायक

Text Size:

मुंबई, 12 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक आर तमिल सेल्वन ने पार्टी नेता के. अन्नामलाई की मुंबई के बारे में की गई टिप्पणियों का सोमवार को बचाव किया और कहा कि शहर के वैश्विक महत्व को बताने के उद्देश्य से दिए गए उनके बयानों को राजनीतिक लाभ के लिए जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया था।

पिछले हफ्ते शिवसेना (उबाठा) ने मांग की थी कि अन्नामलाई को उनके इस बयान के लिए गिरफ्तार किया जाए कि ‘मुंबई महाराष्ट्र का शहर नहीं है’।

पंद्रह जनवरी को होने वाले महानगरपालिका चुनावों के लिए पिछले सप्ताह प्रचार करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी और तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा, ‘लोग ‘ट्रिपल-इंजन’ सरकार चाहते हैं। यह देश का एकमात्र महानगर है जहां ‘ट्रिपल-इंजन संभव है। मोदी दिल्ली में हैं, फडणवीस मुख्यमंत्री हैं और अब मुंबई में भाजपा के महापौर होंगे। मुंबई महाराष्ट्र का शहर नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय शहर है।’

सायन कोलीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सेल्वन ने पत्रकारों से कहा, ‘हमारे नेता अन्नामलाई ने मुंबई को विश्व स्तर का शहर बताया था। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आशीर्वाद से मुंबई विश्व का नंबर एक शहर बन रहा है। चाहे मेट्रो परियोजना हो, सड़क निर्माण हो या सेवाओं की उपलब्धता, मुंबई वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण शहर के रूप में उभरा है। अन्नामलाई इसी संदर्भ में बात कर रहे थे।’

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता के शब्दों को राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘मुंबई को महाराष्ट्र से अलग कैसे किया जा सकता है? यहां तक ​​कि कोई प्रधानमंत्री भी ऐसा नहीं कर पाएगा। अन्नामलाई ने ये शब्द अनादर के भाव से नहीं कहे थे। उनका मतलब सिर्फ इतना था कि मुंबई की एक वैश्विक पहचान है।’

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments