scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशहैदराबाद में 50,000 ‘गिग’ कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लिया

हैदराबाद में 50,000 ‘गिग’ कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लिया

Text Size:

हैदराबाद, 31 दिसंबर (भाषा) हैदराबाद में कुल दो लाख ‘गिग’ कर्मचारियों में से लगभग 50,000 ने बेहतर भुगतान और कामकाजी परिस्थितियों में सुधार की मांग को लेकर ‘यूनियनों’ द्वारा बुलाई गई हड़ताल में बुधवार को भाग लिया। टीजीपीडब्ल्यूयू के अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन ने यह दावा किया।

उन्होंने कहा कि रात आठ बजे तक लगभग 50,000 लोगों ने हड़ताल में भाग लिया, हालांकि नए साल की पूर्व संध्या पर विभिन्न मंचों पर मांग रात के समय सबसे अधिक रहती है।

उन्होंने दावा किया कि बुधवार को दोपहर के भोजन के समय भी हड़ताल का असर रहा।

‘तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन’ (टीजीपीडब्ल्यूयू) के प्रमुख ने आरोप लगाया कि ‘ऑनलाइन डिलीवरी’ मंचों द्वारा पुलिस और ‘बाउंसर’ की मदद लेकर हड़ताल को विफल करने की कोशिश की जा रही है।

हड़ताल में भाग नहीं लेने वाले कुछ खाद्य वितरण कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा रहा है।

टीजीपीडब्ल्यूयू अध्यक्ष ने कहा कि यूनियनों की मांगों में ‘10 मिनट में डिलीवरी’ को वापस लेना, पुरानी भुगतान प्रणाली को बहाल करना, श्रमिकों के लिए गरिमा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और श्रमिकों के पहचान पत्र को ‘ब्लॉक’ करने के लिए उचित प्रक्रिया का पालन करना शामिल है।

उन्होंने इस मुद्दे को हल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के हस्तक्षेप की मांग की।

भाषा यासिर संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments