scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमखेलमोदी ने कोनेरू हम्पी को विश्व रैपिड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

मोदी ने कोनेरू हम्पी को विश्व रैपिड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोहा में फिडे विश्व रैपिड चैंपियनशिप के महिला वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को सोमवार को बधाई देते हुए उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की।

हम्पी ने मौजूदा चैंपियन के रूप में इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। वह रविवार को समाप्त हुई प्रतियोगिता के अंतिम दौर के बाद 8.5 अंक लेकर दो अन्य ग्रैंडमास्टर्स के साथ संयुक्त बढ़त पर थी लेकिन अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के टाईब्रेक नियमों के कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘‘दोहा में 2025 फिडे विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली कोनेरू हम्पी को हार्दिक बधाई। खेल के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’

प्रधानमंत्री भारतीय खिलाड़ियों का लगातार हौसला बढ़ाते रहते हैं और उनमें से कई खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से भी मिलते हैं।

अगर हम्पी रविवार को खिताब जीत जातीं तो वह तीन विश्व रैपिड खिताब जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन जातीं। इससे पहले उन्होंने 2019 और 2024 में खिताब जीते थे।

ओपन वर्ग में अर्जुन एरिगैसी ने कांस्य पदक जीता। वह विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और रूस के ग्रैंडमास्टर व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे। अब यह खिलाड़ी विश्व ब्लिट्ज टूर्नामेंट में भाग लेंगे।

भाषा

पंत मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments