कराची, 22 दिसंबर (भाषा) दुबई में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को हराकर एशिया कप जीतने वाली पाकिस्तान की अंडर19 टीम का स्वदेश पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया तथा देश के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ उनके लिए स्वागत समारोह की मेजबानी करेंगे।
टीम का इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आमतौर पर इस तरह का स्वागत सीनियर टीमों का किया जाता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पहले ही इस जीत को देश में खेल के लिए एक बड़ी उपलब्धि घोषित किया था।
पाकिस्तान में जूनियर स्तर की क्रिकेट पर लोगों की नजर नहीं रहती लेकिन फाइनल में भारत की अंडर19 टीम पर जीत ने इसे विशेष बना दिया और इसलिए हवाई अड्डे पर टीम का जोरदार स्वागत किया गया।
रविवार को खेले गए फाइनल में 172 रन बनाने वाले समीर मिन्हास और चार विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज अली रजा को पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार नकवी ने एशिया कप जीतने वाली जूनियर टीम के खिलाड़ियों के लिए 50-50 लाख रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.