scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसोने का आयात नवंबर में 60 प्रतिशत घटकर चार अरब डॉलर पर रत्र

सोने का आयात नवंबर में 60 प्रतिशत घटकर चार अरब डॉलर पर रत्र

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (भाषा) देश में सोने का आयात नवंबर माह में लगभग 60 प्रतिशत घटकर चार अरब डॉलर पर आ गया। वाणिज्य मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों से यह पता चला।

इससे पहले, अक्टूबर में सोने के आयात में तीन गुना की वृद्धि हुई थी।

एक साल पहले नवंबर, 2024 में सोने का आयात 9.8 अरब डॉलर रहा था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल–नवंबर के दौरान सोने का कुल आयात 3.3 प्रतिशत बढ़कर 45.26 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 43.8 अरब डॉलर था।

अक्टूबर माह में सोने के आयात में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज हुई थी और यह 14.72 अरब डॉलर तक पहुंच गया था।

विशेषज्ञों के मुताबिक, नवंबर में सोने के आयात में कमी आने से देश के व्यापार घाटे को पांच महीने के निचले स्तर 24.53 अरब डॉलर पर लाने में मदद मिली।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमत 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर गई।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने व्यापार आंकड़ों पर कहा कि सोने के आयात में गिरावट आने से देश के आयात व्यय में कमी आई है।

स्विट्जरलैंड भारत के लिए सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है जिसका हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है।

स्विट्जरलैंड से सोने का आयात नवंबर में 82.54 प्रतिशत घटकर 83.77 करोड़ डॉलर रह गया। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-नवंबर अवधि में स्विट्जरलैंड से सोने के आयात में 13.32 प्रतिशत की गिरावट आई है।

भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है जबकि चीन पहले स्थान पर है। देश में सोने के आयात का बड़ा हिस्सा आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए आता है।

हालांकि, नवंबर महीने में चांदी के आयात में 125.40 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1.07 अरब डॉलर पर पहुंच गया। चांदी का इस्तेमाल मुख्य रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन एवं दवा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में होता है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments