गुवाहाटी, 10 दिसंबर (भाषा) पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को यूनेस्को विश्व धरोहर दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) का निरीक्षण किया और इसके संरक्षण तथा आधुनिकीकरण से जुड़ी विभिन्न पहल की समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, श्रीवास्तव ने डीएचआर के प्रमुख हिस्सों का निरीक्षण किया, क्षेत्रीय अधिकारियों से बातचीत की और कई नयी परिसंपत्तियों का उद्घाटन किया व कई विकास पहलों का जायजा लिया।
बयान के अनुसार श्रीवास्तव ने टिंधारिया–रोंगतोंग खंड का निरीक्षण किया व संपत्ति तथा चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित डीजल लोकोमोटिव नंबर 606 का उद्घाटन किया और सुरक्षित व उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण के लिए टीम की सराहना की।
महाप्रबंधक ने डीएचआर में अपनाई जा रही रखरखाव प्रणालियों की भी समीक्षा की।
श्रीवास्तव ने व्यापक रूप से उन्नत घूम संग्रहालय का भी उद्घाटन किया और कहा कि इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।
उन्होंने सेवा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाप इंजन 806बी ‘क्वीन ऑफ द हिल्स’ की शताब्दी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
