scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशबिहार में ‘ट्रैफिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ स्थापित किये जायेंगे: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बिहार में ‘ट्रैफिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ स्थापित किये जायेंगे: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Text Size:

पटना, आठ दिसंबर (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को प्रमुख रेलवे जंक्शनों, व्यस्त चौराहों और जामग्रस्त क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए ‘ट्रैफिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ स्थापित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, पंचायत और शहरी क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

चौधरी ने कहा कि राज्य में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिहारवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और सरल-सुगम यातायात प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर सख्त और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने राज्य की यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कई निर्देश दिये। उन्होंने राज्य में यातायात प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना करने को कहा ताकि यातायात प्रबंधन में पुलिस कर्मियों की दक्षता बढ़ सके। उपमुख्यमंत्री ने यातायात पुलिस के विस्तार की आवश्यकता पर भी बल दिया।

चौधरी ने यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने अवैध पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए विभागीय क्रेन के अलावा निजी क्रेन की भी व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने पंचायती राज एवं नगर विकास विभागों को पंचायत और नगर निकाय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा शहरों और पंचायतों के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।

सरकार का मानना है कि इन कदमों से सड़क सुरक्षा जहां मजबूत होगी, वहीं राज्य की यातायात प्रणाली भी अधिक सुगम, सुचारू और व्यवस्थित बनेगी।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments