इंफाल, सात दिसंबर (भाषा) मणिपुर में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली में कथित संलिप्तता के लिए विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
पिछले कुछ दिनों में थौबल, काकचिंग और इंफाल पश्चिम जिलों से ये गिरफ्तारियां की गईं।
प्रतिबंधित संगठन ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ (कोइरेंग) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले के मिनुथोंग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उग्रवादी की पहचान हिजाम मरजीत सिंह (51) के रूप में हुई है और वह इंफाल-दीमापुर रोड पर ट्रक चालकों से जबरन वसूली में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक, उसी दिन थौबल जिले के लाइफ्राकपम ममांग से संगठन के एक अन्य कार्यकर्ता को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को थौबल जिले के याइरीपोक वांगखेम इलाके से प्रतिबंधित संगठन ‘केसीपी’ (अपुनबा) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, इनकी पहचान कोनसम अनाओ सिंह (26) और खोइरोम लांगम्बा मेइती (27) के रूप में हुई है।
बयान में बताया गया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों के पास से एक एसएमजी कार्बाइन और दो खाली मैगजीन बरामद की गईं।
पुलिस ने शुक्रवार को काकचिंग जिले के सेकमाईजिन खोइदुम से प्रतिबंधित संगठन ‘केसीपी’ (एमएफएल) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि पीआरईपीएके के एक कार्यकर्ता को शनिवार को तेरा उरक चेक-पॉइंट से गिरफ्तार किया गया, जबकि पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक अन्य कार्यकर्ता को शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के नागमपाल कांगजाबी लीराक से गिरफ्तार किया गया।
बयान में बताया गया कि पुलिस ने शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के लाम्बोइखोंगनांगखोंग से केसीपी (अपुनबा) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया जबकि बृहस्पतिवार को काकचिंग जिले के काकचिंग लामखाई से केसीपी (ताइबांगनबा) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया।
बयान के मुताबिक, प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सक्रिय कार्यकर्ता को शनिवार को थौबल जिले के कैरेम्बिखोक से गिरफ्तार किया गया।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
